Yamunanagar News | शिक्षक दिवस पर पौधारोपण अभियान : NSS स्वयंसेवकों ने लगाए पौधे

शिक्षक दिवस के अवसर पर महाराजा अग्रसेन कॉलेज, जगाधरी की एनएसएस इकाई-I की ओर से महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने और स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
पौधारोपण अभियान में महाविद्यालय के शिक्षकों, एनएसएस स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कॉलेज परिसर के विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाए गए। इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने का संकल्प लिया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. करुणा ने एनएसएस इकाई-I के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने के साथ विद्यार्थियों को समाज और पर्यावरण के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का एहसास कराने का भी अवसर है।
डॉ. करुणा ने कहा कि जिस प्रकार शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान और संस्कारों से सींचते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए आवश्यक प्राणवायु उपलब्ध कराने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
एनएसएस इकाई-I के संयोजक प्रो. गौरव बरेजा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वयंसेवकों को भविष्य में भी सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया।
Editor: शिवानी राजपूत



