Yamunanagar News | जिम के बाहर फाइनेंसर की हत्या : बाइक सवार हमलावरों पर आरोप | CCTV खंगाल रही पुलिस

शहर के मॉडल टाउन इलाके में गुरुवार सुबह जिम के बाहर एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान प्रेम नगर निवासी हरभजन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हरभजन सिंह जिम से एक्सरसाइज करने के बाद बाहर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
घटना मॉडल टाउन स्थित चेक फिटनेस जिम के बाहर की बताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी के अनुसार पुलिस को सुबह करीब 8 बजे जिम के बाहर फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक हरभजन सिंह जिम से बाहर निकलकर अपनी ब्रेजा गाड़ी में बैठने जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल हरभजन सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मौके से 16 खोखे बरामद किए गए हैं।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हमलावर किस दिशा से आए और वारदात के बाद किस तरफ गए, इससे संबंधित जानकारी जुटाने के लिए आसपास के क्षेत्रों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में परिजनों ने किसी से धमकी मिलने या किसी व्यक्ति पर शक होने की बात नहीं कही है। ऐसे में हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है।
पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



