Rewari News | छात्राओं से भरे टेंपो को कार ने मारी टक्कर : 15 से अधिक छात्राएं घायल | ट्रामा सेंटर में भर्ती

शहर के सेक्टर-18 स्थित गर्ल्स कॉलेज के पास गुरुवार को छात्राओं से भरे एक टेंपो और कार की टक्कर में 15 से अधिक छात्राएं घायल हो गईं। हादसे के बाद टेंपो सड़क पर पलट गया। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायल छात्राओं को बाहर निकालकर उपचार के लिए रेवाड़ी ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार टेंपो सेक्टर-18 स्थित गर्ल्स कॉलेज से छात्राओं को लेकर बस स्टैंड की ओर जा रहा था। कॉलेज के पास पहुंचने पर पीछे से आ रही सेंट्रो कार की टेंपो से टक्कर हो गई। इसके बाद टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायल छात्राओं को संभाला। इसके बाद छात्राओं को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
टेंपो चालक राहुल के अनुसार वह गर्ल्स कॉलेज से छात्राओं को लेकर बस स्टैंड जा रहा था। कॉलेज के पास टेंपो मोड़ने के दौरान पीछे से आ रही सेंट्रो कार ने टक्कर मार दी, जिससे टेंपो पलट गया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही घायल छात्राओं के परिजन भी रेवाड़ी ट्रामा सेंटर पहुंचने लगे। परिजनों के अनुसार आसपास के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में छात्राएं रोजाना ऑटो और टेंपो के माध्यम से कॉलेज आती-जाती हैं।

फिलहाल घायल छात्राओं का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद हादसे के सही कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Editor: शिवानी राजपूत



