Yamunanagar News | मॉडल टाउन के दो पार्कों का होगा नवीनीकरण : ₹15.13 लाख होंगे खर्च | मेयर-विधायक ने किया शिलान्यास

नगर निगम की ओर से मॉडल टाउन क्षेत्र के दो पार्कों के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण पर 15 लाख 13 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। शनिवार को मेयर सुमन बहमनी और विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने वार्ड नंबर-8 के पार्षद विभोर पाहुजा की मौजूदगी में दोनों विकास कार्यों का शिलान्यास किया। नारियल फोड़कर कार्यों की शुरुआत की गई।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि मॉडल टाउन में जैन स्थानक के पीछे स्थित पार्क के नवनिर्माण और नवीनीकरण पर 7 लाख 30 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। पार्क में आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को साफ-सुथरा और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

इसके अलावा संतपुरा गुरुद्वारा के नजदीक ट्यूबवेल नंबर-5 के पास स्थित पार्क के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण पर 7 लाख 83 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों पार्कों के विकास पर कुल 15 लाख 13 हजार रुपये की राशि खर्च होगी।
मेयर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास शहर के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराने का है। पार्कों के विकसित होने से क्षेत्र के लोगों को सुबह और शाम सैर करने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा, जबकि बच्चों को खेलने की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य कराने और पार्कों में जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि शहर में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। पार्क शहर की सुंदरता और स्वस्थ वातावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दोनों पार्कों के नवीनीकरण से मॉडल टाउन क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का सौंदर्य भी बढ़ेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में पार्षद विभोर पाहुजा के अलावा भाजपा नेता गिरीश पुरी, कृष्ण गर्ग, मोहित गेरा, मोहित मानिकटाला, अनुराग जैन, जेई अजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



