Yamunanagar News | पालिका-फायर कर्मियों ने कराया मुंडन : 5 सितंबर को रादौर में प्रदर्शन | बर्खास्तगी का विरोध

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर पालिका एवं फायर कर्मचारियों की हड़ताल 30वें दिन भी जारी रही। नगर निगम परिसर में एकत्रित कर्मचारियों ने मुंडन करवाकर सरकार के प्रति अपना विरोध जताया। कर्मचारियों ने बर्खास्तगी की कार्रवाई रोकने और लंबित मांगों का बातचीत के माध्यम से समाधान करने की मांग की।
30वें दिन की हड़ताल की अध्यक्षता नगरपालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला प्रधान विजेंदर ने की। संचालन नगरपालिका शाखा सचिव सुभाष और अग्निशमन कोषाध्यक्ष ललित कुमार ने किया। प्रदर्शन के दौरान श्यामलाल, जसबीर, नरेंद्र, रमेश, सुखबीर, नरेश, संजय, रिक्की और कुलदीप सहित करीब 15 कर्मचारियों ने मुंडन करवाकर विरोध दर्ज कराया।

कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय आंदोलनरत कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने सफाई, सीवर, पालिका और फायर कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार से सीधे बातचीत करने की मांग की।
संघ ने दावा किया कि 3 सितंबर को फायर विभाग के पे-रोल कर्मचारी रिंकू कुमार तथा कौशल रोजगार से जुड़े कर्मचारी अभिषेक और कमल कांबोज को बर्खास्त किया गया है। कर्मचारी नेताओं ने इन कार्रवाइयों का विरोध करते हुए सरकार से बर्खास्तगी रोकने और संबंधित मामलों का समाधान करने की मांग की।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हड़ताल के कारण प्रभावित हो रही सफाई व्यवस्था और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को 5 सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन मांगों का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
संघ ने 5 सितंबर को कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के रादौर स्थित कैंप कार्यालय पर उल्टा झाड़ू प्रदर्शन करने की घोषणा की है। कर्मचारी इस दौरान ठेका प्रथा समाप्त करने, कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने और रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती समेत अपनी मांगें उठाएंगे।
इसके बाद 10, 11 और 12 सितंबर को धरना स्थल पर जिला स्तरीय 'न्याय पंचायत' आयोजित करने की घोषणा की गई है। कर्मचारी नेताओं के अनुसार इन पंचायतों के माध्यम से अन्य संगठनों से आंदोलन के लिए समर्थन मांगा जाएगा।
संघ का कहना है कि कर्मचारी आंदोलन को लंबा नहीं खींचना चाहते और बातचीत से समाधान चाहते हैं। कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 6 सितंबर तक 13 मई को हुई बातचीत में मानी गई मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं किए गए तो मौजूदा हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने पर विचार किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान पालिका और अग्निशमन विभाग से जुड़े कर्मचारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



