Yamunanagar News | इनोवा सवार युवक पर हमले में चौथा आरोपी गिरफ्तार : रंजिश में हमला करने का आरोप | तीन आरोपी पहले हो चुके काबू

शादीपुर मोड़ के पास रंजिश के चलते इनोवा सवार युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में अपराध शाखा-1 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान गढ़ी गुजरान निवासी काजल पुत्र इनाम के रूप में हुई है। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। नए आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अपराध शाखा-1 की टीम थाना सदर यमुनानगर क्षेत्र में 3 अगस्त को हुई वारदात की जांच कर रही है।

अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार के अनुसार 3 अगस्त 2026 को जेपी अस्पताल यमुनानगर से पुलिस को सूचना मिली थी कि शादीपुर निवासी असजद एक झगड़े में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मामले में टोडरपुर निवासी रूफल ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 27 जुलाई को गौ रक्षा दल के सदस्यों के साथ ज्ञापन देने के दौरान कुछ युवकों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में 3 अगस्त की शाम करीब 4:15 बजे असजद को निशाना बनाया गया।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक असजद इनोवा गाड़ी से केसी प्लाईबोर्ड फैक्टरी के पास पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने थार सहित अन्य वाहनों से उसकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया और उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक को चोटें आईं और उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि जब उसने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उसे हथियार दिखाकर धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद जांच अपराध शाखा-1 को सौंपी गई।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच करते हुए 13 अगस्त को शादीपुर निवासी आसिफ खान और गढ़ी गुजरान निवासी वासिल उर्फ सोनू को औरंगाबाद के पास रेस्ट एरिया से गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले से संबंधित एक महिंद्रा थार, एक सुआ, लोहे की रॉड और मोबाइल बरामद करने का दावा किया था।
इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एक सितंबर को मामले के एक अन्य आरोपी राकेश बहमनी उर्फ मोंटी को जय सिटी, जगाधरी से गिरफ्तार किया। इस तरह तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थी।
अब अपराध शाखा-1 की टीम ने गढ़ी गुजरान निवासी काजल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस गिरफ्तारी के साथ मामले में अब तक चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात से जुड़े तथ्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी। मामले में अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम को लेकर भी जांच जारी है।
Editor: गरिमा बागोतिया



