Yamunanagar News | प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए NEP जागरूकता कार्यक्रम आयोजित | ऑनलाइन और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की दी जानकारी

यमुनानगर के महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय में नई शिक्षा नीति (NEP) समिति के तत्वावधान में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन NEP समिति के संयोजक डॉ. वीरेंद्र सिंह ढिल्लों के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय से जुड़ी विभिन्न ऑनलाइन एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को APAAR ID/ABC ID नंबर, IUMS पोर्टल, फीस भुगतान प्रणाली, बस पास बनवाने की प्रक्रिया तथा विभिन्न छात्रवृत्तियों से संबंधित जानकारी विस्तार से दी गई। इन सभी प्रक्रियाओं को श्री राजीव गोयल, डिप्टी सुपरिंटेंडेंट-क्लर्क ने विद्यार्थियों को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया।

श्री राजीव गोयल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं जानकारी को सुरक्षित रखने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न डिजिटल और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बारे में आवश्यक जानकारी दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. करुणा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश के बाद विद्यार्थियों के लिए केवल शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं, छात्रवृत्ति, फीस एवं डिजिटल सेवाओं की जानकारी होना भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यक्रम में दी गई जानकारी का लाभ उठाने तथा अपनी शैक्षणिक यात्रा को व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर डॉ. उषा देवी, प्रोफेसर राहुल, प्रोफेसर अभिषेक, श्री राहुल तथा सुश्री शालू सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बीए, बीकॉम, बीसीए तथा बीबीए के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं जानकारीपरक रहा।
Editor: सचिन शर्मा



