Yamunanagar News | सप्ताह में दो दिन लगेंगे समाधान शिविर : सोमवार-वीरवार को होगी सुनवाई | सुबह 10 से 12 बजे तक समय

आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त प्रीति ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित जिला सचिवालय के सभागार कक्ष नंबर 203 में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शिविर लगाया जाएगा। कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंच सकता है।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का जल्द समाधान करने के उद्देश्य से इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। समाधान शिविर जिला और उपमंडल दोनों स्तरों पर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को अपनी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि शिविर में समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का मौके पर ही निपटारा करने का हरसंभव प्रयास किया जाता है। संबंधित विभागों के अधिकारी भी शिविर में मौजूद रहकर अपने विभाग से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करते हैं।
उपायुक्त प्रीति ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान का प्रयास किया जाए। जिन मामलों में दस्तावेजों की जांच या अन्य प्रक्रिया पूरी करना जरूरी हो, उनका भी समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने लोगों से प्रशासन की इस व्यवस्था का लाभ उठाने और अपनी समस्याओं को समाधान शिविर में संबंधित अधिकारियों के सामने रखने की अपील की।
Editor: शिवानी राजपूत



