Yamunanagar News | मतदाता सूची के लिए घर-घर सर्वे : SIR-2026 की समीक्षा | अधिकारियों को दिए निर्देश

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR)-2026 के अंतर्गत घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को सटीक और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि सूची में पात्र एवं वास्तविक मतदाताओं के नाम शामिल हों।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ SIR-2026 की समीक्षा की। इस दौरान अभियान की रूपरेखा, अधिकारियों की जिम्मेदारियों और अलग-अलग चरणों में किए जाने वाले कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिले में चल रहे अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित कार्य किया जा रहा है।
एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के दौरान मतदाता सूची से संबंधित जानकारी का सही तरीके से सत्यापन करने और निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। बीएलओ स्तर पर चल रहे घर-घर सर्वे सहित अभियान के विभिन्न कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, एसडीएम रादौर नरेंद्र कुमार, सीटीएम पीयूष गुप्ता और इलेक्शन कानूनगो विशाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



