Ateli News | सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का 29वां दिन : नगर परिषद अध्यक्ष कार्यालय पर लगाया ताला | मांगें पूरी होने तक आंदोलन का ऐलान

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों की प्रदेश स्तरीय हड़ताल गुरुवार को 29वें दिन भी जारी रही। नारनौल में प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने नगर परिषद अध्यक्ष के कार्यालय पर तालाबंदी कर विरोध जताया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
धरना एवं प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर परिषद सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष भूपेंद्र सागवान ने की, जबकि मंच संचालन जिला प्रधान राहुल सारवान ने किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार के साथ हुई बातचीत और समझौतों के बावजूद उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ है।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने मांग की कि कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए और 13 जनवरी को सरकार एवं कर्मचारी संघ के बीच हुए समझौते को लागू किया जाए। इसके अलावा डोर-टू-डोर कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन लागू करने की मांग भी रखी गई।
कर्मचारियों ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत कर्मचारियों को पालिका रोल पर लेने की मांग की। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि इन मांगों को लेकर वे लगातार आंदोलन कर रहे हैं और सरकार से लिखित आदेश जारी करने की मांग की जा रही है।
अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों से संबंधित मांग भी प्रदर्शन के दौरान उठाई गई। कर्मचारी संगठनों ने फरीदाबाद में जान गंवाने वाले अग्निशमन कर्मचारियों के परिवारों को घोषित 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक-एक सरकारी नौकरी देने की मांग की। कर्मचारी नेताओं के अनुसार इस विषय पर मंत्री विपुल गोयल के सामने सहमति बनी थी।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कौशल यादव, कबीर सामाजिक उत्थान संस्था के वाइस चेयरमैन बिरदी चंद गोठवाल, सर्व अनुसूचित जाति संघर्ष समिति के प्रधान चन्दन सिंह जालवान और अखिल भारतीय आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के उपाध्यक्ष लालाराम नाहर ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने सरकार से बातचीत के जरिए जल्द गतिरोध समाप्त करने की मांग की।
प्रदर्शन में अग्निशमन विभाग इकाई के प्रधान गुरदयाल सिंह, प्रेस सचिव महावीर प्रसाद, सचिव महेंद्र दायमा, कोषाध्यक्ष मनोज बोयत, उप प्रधान भीम सिंह, देवानंद, रोशन लाल, संतलाल, दीपक और सुनील सहित कर्मचारी शामिल हुए।
महिला कर्मचारियों में मनोज देवी, मंजू, पूनम, बबली, बबीता, सुनीता, मिनाक्षी, रेखा, कांता, ममता सहित अन्य कर्मचारियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को लेकर आधिकारिक आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की मांगों पर जल्द फैसला लेकर आंदोलन समाप्त करवाने की मांग की।
Editor: शिवानी राजपूत



