Kanina News | राकेश मानपुरा बने बार एसोसिएशन के प्रधान : देशबंधु को 43 वोट से हराया | वीरेंद्र जांगड़ा उपप्रधान निर्वाचित

कनीना। बार एसोसिएशन के चुनाव में राकेश मानपुरा ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की है। शुक्रवार को हुई मतदान प्रक्रिया में उन्होंने 126 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी देशबंधु को 43 मतों से हराया। देशबंधु को 83 मत मिले। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने लड्डू बांटकर खुशी जताई।
बार एसोसिएशन में कुल 216 मतदाता थे, जिनमें से 209 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रधान पद पर राकेश मानपुरा और देशबंधु के बीच सीधा मुकाबला था। मतगणना में राकेश मानपुरा को 126 और देशबंधु को 83 वोट मिले। इसके बाद राकेश मानपुरा को बार एसोसिएशन का नया प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया।

उपप्रधान पद पर वीरेंद्र जांगड़ा ने जीत हासिल की। उन्हें 126 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अखिल अग्रवाल को 82 वोट मिले। एक मत निरस्त घोषित किया गया। वीरेंद्र जांगड़ा ने 44 मतों के अंतर से उपप्रधान पद पर जीत दर्ज की।
चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार जसवास की देखरेख में संपन्न हुई। मतदान के लिए बार रूम में बूथ बनाया गया था। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ और इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए।
नामांकन वापसी के बाद प्रधान पद के लिए राकेश मानपुरा और देशबंधु तथा उपप्रधान पद के लिए अखिल अग्रवाल और वीरेंद्र जांगड़ा मैदान में थे। सचिव पद पर भास्कर चौधरी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।
चुनाव परिणाम आने के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों ने लड्डू बांटकर खुशी मनाई और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। अधिवक्ताओं ने नई कार्यकारिणी से बार एसोसिएशन और अधिवक्ताओं के हितों के लिए सक्रियता से काम करने की उम्मीद जताई।
Editor: नितिन यादव



