Rewari News | जितेंद्र हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार : पत्नी से संबंधों के शक में हत्या का आरोप | 3 दिन के रिमांड पर

रेवाड़ी। कमालपुर निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र की हत्या के मामले में रेवाड़ी पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रवीन उर्फ पपला और उसके भतीजे अमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार मुख्य आरोपी को जितेंद्र और अपनी पत्नी के बीच संबंध होने का शक था और इसी रंजिश में वारदात को अंजाम देने का आरोप है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
गत 7 सितंबर को एचपीसीएल रिफाइनरी के पास भाड़ावास की ओर जाने वाले रास्ते पर जितेंद्र मृत अवस्था में मिला था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा के निर्देश पर सीआईए रेवाड़ी और मॉडल टाउन थाना पुलिस की टीमों को जांच में लगाया गया।

एएसपी दीपिका अग्रवाल के अनुसार मृतक के परिजनों की ओर से जताए गए शक और जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस प्रवीन उर्फ पपला और उसके भतीजे अमन तक पहुंची। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच के मुताबिक प्रवीन और जितेंद्र दोस्त थे। आरोप है कि प्रवीन को जितेंद्र और अपनी पत्नी के बीच संबंधों का शक था। इसी को लेकर उसने जितेंद्र को बीयर पीने के बहाने बुलाया और बाद में अपने भतीजे अमन के साथ उसे रिफाइनरी के पास ले गया। वहां जितेंद्र पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वारदात से जुड़े कुछ घटनाक्रम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुए हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल वाहन और हथियार की बरामदगी के साथ मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने प्रवीन उर्फ पपला को मुख्य आरोपी और अमन को उसके सहयोगी के रूप में गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Editor: नितिन यादव



