Kanina News | श्री कृष्ण गौशाला में जन्म महोत्सव : हवन-पूजन के साथ हुआ भंडारा | श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

श्री कृष्ण गौशाला कनीना में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्तों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान हवन-पूजन के साथ भंडारे का आयोजन किया गया और श्रद्धालुओं को देसी घी के हलवे का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में यदुवंशी शिक्षा निकेतन के चेयरमैन राव बहादुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि आरआरसीएम ग्रुप के चेयरमैन रोशन लाल यादव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने गौशाला में गौसेवा और पूजा-अर्चना करने के साथ श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव के धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि राव बहादुर सिंह ने कहा कि श्री कृष्ण गौशाला में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव मनाने की परंपरा सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और आदर्शों से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए। भारतीय संस्कृति में गौसेवा का विशेष महत्व है और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार इसमें योगदान देना चाहिए।
आरआरसीएम ग्रुप के चेयरमैन रोशन लाल यादव ने कहा कि गौसेवा मानव सेवा का महत्वपूर्ण रूप है। गौवंश की सेवा और संरक्षण के लिए समाज के लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने श्री कृष्ण गौशाला की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए धार्मिक आयोजनों के माध्यम से गौसेवा का संदेश लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

गौशाला के एडमिनिस्ट्रेटर कृष्ण कुमार यादव ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले गौशाला के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि गौशाला में गौवंश की सेवा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जन्म महोत्सव के दौरान आयोजित हवन में श्रद्धालुओं ने आहुति डालकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इससे पहले गौशाला कार्यकारिणी की ओर से मुख्य अतिथि, अति विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य लोगों को पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं को देसी घी से तैयार हलवे का प्रसाद वितरित किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों के चलते गौशाला परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
इस अवसर पर नगर पालिका प्रधान डॉ. रिंपी कुमारी, मार्केट कमेटी कनीना उपप्रधान दीपक गुप्ता, पार्षद होशियार सिंह, पार्षद नितेश गुप्ता, प्रवक्ता सचिन शर्मा, बलवान सिंह आर्य, कृष्ण प्रकाश गुरुजी, लक्ष्मी नारायण, रामप्रताप यादव, अध्यक्ष विजय पाल, राजेश कुमार, राजकुमार और कुलदीप नंबरदार सहित गौशाला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, कर्मचारी, गौभक्त और श्रद्धालु मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



