Nangal Chaudhary News | 166 बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित : 5-डे बैंकिंग की मांग पर हड़ताल | अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने सहित लंबित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को जिले की 166 बैंक शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल के कारण शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ, जबकि एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं चालू रहीं।
बैंक शाखाओं में नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस और अन्य शाखा आधारित सेवाओं के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि डिजिटल माध्यम से लेन-देन करने वाले ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं चालू रहने से राहत मिली।

हड़ताल के दौरान एसबीआई के रीजनल सेक्रेटरी विपिन चौधरी, यूनियन बैंक के अध्यक्ष भवानी यादव और ग्रामीण बैंक के उपाध्यक्ष बीएल यादव सहित विभिन्न बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। यूनियन पदाधिकारियों ने दावा किया कि लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों में लंबे समय से असंतोष है।
यूनियन नेताओं के अनुसार मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और बैंक यूनियनों के बीच पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन इसे अभी तक लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि कई सरकारी कार्यालयों और वित्तीय संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, इसलिए बैंकों में भी यही व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।
यूनियन प्रतिनिधियों के मुताबिक पांच दिवसीय सप्ताह लागू होने की स्थिति में प्रत्येक कार्यदिवस में अतिरिक्त समय काम करने पर भी सहमति बनी थी, जिससे ग्राहकों को मिलने वाले कुल बैंकिंग समय पर असर न पड़े। कर्मचारियों ने PLI व्यवस्था से जुड़ी अपनी मांगें भी उठाईं।
हड़ताल में शामिल कर्मचारियों का एक दिन का वेतन कटने की बात कही गई है। इसके बावजूद यूनियनों ने मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
यूनियन नेताओं के अनुसार मांगें नहीं मानी गईं तो 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
Editor: शिवानी राजपूत



