Narnaul News | डायल 112 की तत्परता से घायल वृद्ध को मिला समय पर इलाज : राहगीर ने दी सूचना | 8 मिनट में पहुंची पुलिस

नारनौल बाईपास स्थित पीबीएस स्कूल के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए एक वृद्ध व्यक्ति को राहगीर की सूझबूझ और डायल 112 पुलिस टीम की तत्परता से समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के महज 8 मिनट के भीतर टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और घायल को अपने इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन से सरकारी अस्पताल नारनौल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक वृद्ध व्यक्ति बाइक पर सवार होकर नारनौल बाईपास स्थित पीबीएस स्कूल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान बाइक अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और वृद्ध व्यक्ति घायल हो गया।
हादसे के बाद वहां से गुजर रहे प्रवीण नामक राहगीर ने घायल को देखकर तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह 9:51 बजे सूचना मिली। इसके बाद डायल 112 की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को मौके पर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार टीम सूचना मिलने के करीब 8 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल की स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और उसे डायल 112 के इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन में बैठाकर सरकारी अस्पताल नारनौल के लिए रवाना हुए।
पुलिस का कहना है कि घायल वृद्ध को करीब 12 से 13 मिनट में अस्पताल पहुंचा दिया गया, जहां उसे समय पर उपचार मिला। पुलिस के मुताबिक वृद्ध की स्थिति सुरक्षित बताई गई है। टीम ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को भी दी।
इस कार्रवाई में डायल 112 की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम से ईएसआई ऋषिप्रकाश, एसपीओ महेशचंद और HKRN के तहत कार्यरत चालक कर्नेल सिंह शामिल रहे। वृद्ध के परिजनों ने समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस टीम का आभार जताया।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना या किसी दूसरी आपात स्थिति में घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आएं और तत्काल डायल 112 को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से आपात स्थिति में जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।



