Narnaul News | अंतर महाविद्यालय जूडो-तीरंदाजी प्रतियोगिता शुरू : नारनौल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन | विजेताओं को दी बधाई

राजकीय महाविद्यालय नारनौल में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय रेवाड़ी की अंतर महाविद्यालय जूडो एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का शुभारंभ नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नरेश कुमार यादव ने किया। उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और समर्पण के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी खेल विभाग प्रभारी अभिजीत सिंह ने संभाली। जूडो पुरुष वर्ग में राजकीय महाविद्यालय नारनौल के रॉकी, सोनू, लक्ष्य और जतिन ने जीत दर्ज की। महिला वर्ग में मुस्कान, दिव्या और डिंपल विजेता रहीं।

तीरंदाजी प्रतियोगिता में यश, मोहित, तरुण, प्रतीक और विष्णु ने जीत हासिल की। महाविद्यालय के अनुसार तीरंदाजी के विजेता खिलाड़ी आगामी अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कृष्ण कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में जुटी टीम के प्रयासों की भी सराहना की।
इस अवसर पर इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय रेवाड़ी के सहायक खेल निदेशक देवेंद्र ढाका, डॉ. योगेश यादव, तीरंदाजी कोच नवीन कुमार सहित खेल विभाग से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



