Narnaul News | नशे-अवैध हथियारों पर पुलिस सख्त : संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील | पहचान रखी जाएगी गुप्त

महेंद्रगढ़ पुलिस ने जिले में नशे के अवैध कारोबार, अवैध हथियारों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज करने के साथ आमजन से सहयोग की अपील की है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ समाज की भागीदारी भी जरूरी है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे का असर केवल इसका सेवन करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी पड़ता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, समाज और पुलिस को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
जिला पुलिस की ओर से नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के साथ अवैध हथियार रखने, खरीदने-बेचने और आपराधिक गतिविधियों में उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ प्राप्त सूचनाओं के आधार पर भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने लोगों से अपने गांव, मोहल्ले या आसपास नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या सप्लाई और अवैध हथियारों से संबंधित संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरपंचों, पंचों, जनप्रतिनिधियों और मौजिज लोगों से भी अभियान में सहयोग मांगा है। पुलिस का कहना है कि स्थानीय स्तर से मिलने वाली सूचनाएं अपराध और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशामुक्त और अपराधमुक्त समाज बनाने के लिए आमजन की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों को नजरअंदाज नहीं करने और इसकी जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
महेंद्रगढ़ पुलिस के अनुसार नशे और अवैध हथियारों से संबंधित सूचना सुरक्षा शाखा नारनौल के मोबाइल नंबर 7056606138, नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 के माध्यम से दी जा सकती है।
Editor: शिवानी राजपूत



