Narnaul News | जनता की परेशानी का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी अनुपमा अंजली | समाधान शिविर में अधिकतर शिकायतों का मौके पर निपटारा

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार लगाए जा रहे समाधान शिविरों की कड़ी में सोमवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने लघु सचिवालय में आमजन की सामूहिक और व्यक्तिगत शिकायतें सुनीं। उन्होंने बारी-बारी से नागरिकों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए। शिविर में आई अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत देना है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत एक ही छत के नीचे नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि लोगों को त्वरित, पारदर्शी और सुगम तरीके से समाधान मिल सके।

डीसी अनुपमा अंजली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समझकर उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी के प्रति जवाबदेह रहते हुए निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का निपटारा करना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ निर्मल नागर, एसडीएम गुरविंदर सिंह, नगराधीश डॉ. मंगल सेन, डीएसपी भारत भूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



