Nizampur News | राजकीय स्कूल में हिंदी दिवस समारोह : मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित | शिक्षकों का भी बढ़ाया मान

हरियाणा विज्ञान मंच, जिला महेंद्रगढ़ की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय निजामपुर में हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हरियाणा विज्ञान मंच के जिला संयोजक धर्मपाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि विद्यालय की प्राचार्या बिंदु यादव ने अध्यक्षता की। हिंदी दिवस के अवसर पर प्रतिभा सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा छठी से 12वीं तक अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के उन शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया, जिनका सत्र 2025-26 में बोर्ड कक्षाओं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। शिक्षकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके बेहतर परिणाम के लिए सम्मानित किया गया।

कक्षा 12वीं में गौरव ने प्रथम, कन्हैया ने द्वितीय और खुशबू ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा 11वीं में तमन्ना प्रथम, दिशा द्वितीय और ज्योति तृतीय रहीं। कक्षा 10वीं में रिया कुमारी ने प्रथम, दीपिका ने द्वितीय और पलक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 9वीं में प्रगति प्रथम, चाहत द्वितीय और स्नेहा तृतीय रहीं। कक्षा 8वीं में जया धन प्रथम, हिमांशु द्वितीय और समीर तृतीय रहे। कक्षा 7वीं में अरुण प्रथम, उत्तम द्वितीय और लक्ष्मी तृतीय रहीं। कक्षा 6वीं में लक्षिता प्रथम, शिवम द्वितीय और निर्मल तृतीय रहे। सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि धर्मपाल शर्मा ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस मनाने का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था।
धर्मपाल शर्मा ने कहा कि हिंदी को केवल औपचारिक रूप से सम्मान देने के बजाय दैनिक जीवन, शिक्षा और सरकारी कामकाज में इसके प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी भाषा के प्रति सम्मान और आत्मविश्वास रखने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्या बिंदु यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परिश्रम ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगातार मेहनत करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हिंदी भारत में व्यापक रूप से बोली और समझी जाने वाली भाषा है। हिंदी दिवस अपनी संस्कृति, एकता और राष्ट्रीय पहचान से जुड़ने का अवसर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मोनिका शर्मा, पुष्पलता, संजय कुमार, अमरदीप सिंह, प्रदीप यादव, राजेंद्र सिंह, शशि प्रकाश, कर्मवीर, जगवंती, सरिता, अनीता यादव, सुशील, राम सिंह, रितु, सोनू कुमार, नरेश कुमार, राजेश, कोमल अग्रवाल, हेमलता और प्रमिला सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
Editor: शिवानी राजपूत



