चंडीगढ़ | 28 जुलाई को होगी हरियाणा कैबिनेट की अहम बैठक : कई बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर | सरकार ने जारी किया आधिकारिक नोटिस

चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने 28 जुलाई को मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की अहम बैठक बुला ली है। सामान्य प्रशासन विभाग (मंत्रिमंडल अनुभाग) की ओर से 16 जुलाई को जारी आधिकारिक नोटिस के अनुसार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में यह बैठक मंगलवार, 28 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ के चौथी मंजिल स्थित मुख्य सभा कक्ष में आयोजित होगी।
सरकारी नोटिस के अनुसार बैठक में मुख्यमंत्री के साथ सभी कैबिनेट मंत्री और राज्य मंत्री शामिल होंगे। बैठक की सूचना राज्यपाल सचिवालय, सभी प्रशासनिक सचिवों, विधि परामर्शी, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा सीआईडी के पुलिस महानिदेशक सहित संबंधित विभागों को भेज दी गई है।

सरकार ने अभी कैबिनेट बैठक का एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विकासात्मक प्रस्तावों पर चर्चा होगी। विभिन्न विभागों से संबंधित नई नीतियों, परियोजनाओं, वित्तीय प्रस्तावों तथा जनहित से जुड़े फैसलों पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है।
यह बैठक ऐसे समय में होने जा रही है जब 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे जींद में भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ऐसे में 28 जुलाई की कैबिनेट बैठक को भी राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब सभी की नजरें 28 जुलाई की बैठक पर टिकी हैं कि हरियाणा सरकार प्रदेशवासियों के लिए कौन-कौन से बड़े फैसलों का ऐलान करती है।



