Jhunjhunu News | मेहाड़ा में तीन दिवसीय गोगाजी मेले का शुभारंभ : संजय जेलाफ ने जीती ₹1.21 लाख की कुश्ती | श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

शिमला। क्षेत्र के मेहाड़ा स्थित प्रसिद्ध गोगाजी धाम में शनिवार को तीन दिवसीय वार्षिक गोगाजी मेले का शुभारंभ हुआ। भगत कुलदीप पुजारी के सानिध्य में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर मेले की शुरुआत की गई। पहले दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोगाजी महाराज के दर्शन करने पहुंचे और नारियल व प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र में अमन-चैन की कामना की।
मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। मेहाड़ा जाटूवास, मेहाड़ा गुर्जरवास, गोरीर, दूधवा, शिमला, बसई, टीबा, रामपुरा, त्यौन्दा, ठाठवाड़ी, मुकुन्दपुरा, दलोता, सिहोड़ और जमालपुर सहित आसपास के गांवों के अलावा हरियाणा से भी श्रद्धालु मेले में पहुंचे।

मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले और मिट्टी के बर्तनों की दुकानें लगाई गई हैं। महिलाओं और बच्चों में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ मेले में लगी दुकानों पर खरीदारी भी की।
मेले के पहले दिन मेहाड़ा जाटूवास की ओर से दंगल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न स्थानों से पहुंचे पहलवानों ने कुश्ती के मुकाबलों में अपने दांव-पेच दिखाए। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।

दंगल में 1 लाख 21 हजार रुपये की कुश्ती के लिए संजय जेलाफ को विजेता घोषित किया गया। आयोजकों के अनुसार उनके सामने मुकाबले के लिए कोई पहलवान नहीं आने के कारण उन्होंने बिना लड़े ही यह कुश्ती जीत ली।
कार्यक्रम में खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर, खेतड़ी प्रधान मनीषा गुर्जर, होशियार सिंह चौधरी, कन्हैया लाल टीबा और पूर्व प्रधान मदनलाल गुर्जर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। वाहनों की पार्किंग मेला स्थल से दूर रखी गई है, ताकि आवागमन में परेशानी न हो। मेला परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
थानाधिकारी रामनारायण चोयल के नेतृत्व में पुलिस बल और आरएसी के जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। तीन दिवसीय मेले के आगामी दिनों में भी धार्मिक और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
Editor: नितिन यादव



