Kotputli-Behror News | चार निकायों में 87% मतदान : नीमराना में सबसे ज्यादा वोटिंग | बुजुर्ग-दिव्यांग भी पहुंचे बूथ

बहरोड़। राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव-2026 के दूसरे चरण में कोटपूतली-बहरोड़ जिले की चार निकायों में शुक्रवार को मतदान संपन्न हुआ। बहरोड़ नगर परिषद तथा नीमराना, मांढ़ण और बर्डोद नगरपालिकाओं में कुल मतदान करीब 87 प्रतिशत रहा। चारों निकायों के 139 मतदान बूथों पर 671 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रहे।
मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया। कई मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू होने से पहले ही मतदाताओं की कतारें लग गई थीं। प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

चारों निकायों में सबसे अधिक 88.56 प्रतिशत मतदान नीमराना नगरपालिका में दर्ज किया गया। मांढ़ण नगरपालिका में 87.98 प्रतिशत और बर्डोद नगरपालिका में 87.10 प्रतिशत मतदान हुआ। बहरोड़ नगर परिषद में 85.50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के दौरान बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी भी देखने को मिली। उम्र और शारीरिक परेशानियों के बावजूद कई बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे। दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर उनकी सुविधा के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया।
पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में भी उत्साह नजर आया। युवाओं के साथ बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी ने मतदान के प्रति जागरूकता दिखाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों निकाय क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा और किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। मतदान समाप्त होने के साथ ही 671 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। अब मतगणना और चुनाव परिणाम पर नजर रहेगी।
Editor: नितिन यादव



