Bhiwani News | भीम स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती शुरू : चार जिलों के 7138 युवा शामिल | 15 सितंबर तक चलेगी रैली

भीम स्टेडियम में मंगलवार से थल सेना की अग्निवीर भर्ती रैली शुरू हो गई। 2 से 15 सितंबर तक चलने वाली इस भर्ती रैली में भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी जिलों के युवा हिस्सा ले रहे हैं। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल 7,138 उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षण के लिए एडमिट कार्ड जारी किए गए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी की ओर से अग्निपथ योजना के तहत आयोजित भर्ती रैली के लिए भीम स्टेडियम में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भर्ती प्रक्रिया में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्टेडियम में प्रतिदिन सुबह चार बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश कराया जा रहा है। निर्धारित तिथियों के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा पास कर चुके उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षण में शामिल किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया सेना की ओर से निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जा रही है।

अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़ सहित विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाओं से गुजरना पड़ रहा है। इसके साथ दस्तावेजों की जांच और निर्धारित शारीरिक मापदंडों की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है। भर्ती में शामिल युवाओं में भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
लोहारू क्षेत्र के गांव ढाणी टोड़ा निवासी सक्षम ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद वह शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुआ है। उसने भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होकर देश सेवा करने को अपना लक्ष्य बताया।
गांव सरल निवासी हरदीप ने भर्ती की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि सुबह प्रवेश के बाद उम्मीदवारों की दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षण के साथ दस्तावेजों की जांच की जा रही है। गांव हरियावास निवासी साहिल ने भी भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया और सेना में शामिल होकर देश सेवा करने की इच्छा जताई।
युवाओं का उत्साह बढ़ाने पहुंचे वरिष्ठ नागरिक आजाद सिंह ने भीम स्टेडियम में सेना की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और समर्पण के साथ भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने का आह्वान किया।
भर्ती रैली में दूसरे जिलों से आने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन भी सहयोग कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार बाहर से आने वाले युवाओं के लिए सामाजिक संगठनों की ओर से नि:शुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई है। भर्ती रैली 15 सितंबर तक जारी रहेगी।
Editor: शिवानी राजपूत



