Bhiwani News | फायर कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई : प्रदेश में 14 सस्पेंड, 10 टर्मिनेट | भिवानी में 3 निलंबित

हरियाणा में विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर गए अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों पर विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। विभागीय जानकारी के अनुसार प्रदेशभर में कुल 24 कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई है। इनमें 14 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, जबकि 10 कच्चे फायरमैन की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
जिला दमकल अधिकारी रमन कुमार के अनुसार सेवाएं समाप्त किए गए सभी 10 कर्मचारी कच्चे फायरमैन हैं। इनमें यूनियन में प्रधान और उपप्रधान जैसे पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मचारी भी शामिल बताए गए हैं। वहीं निलंबित किए गए 14 कर्मचारियों में 12 लीडिंग फायरमैन, एक सब-फायर ऑफिसर और एक फायरमैन शामिल है।

भिवानी जिले में भी हड़ताल में शामिल कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई है। जिले में स्वीकृत स्टाफ की संख्या 55 बताई गई है। इनमें हड़ताल में भाग लेने वाले तीन रेगुलर लीडिंग फायरमैन को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला दमकल अधिकारी के मुताबिक भिवानी में किसी कर्मचारी की सेवा समाप्त नहीं की गई है।
रमन कुमार ने बताया कि फरीदाबाद में एक अग्निकांड के दौरान दो कच्चे कर्मचारियों की जान जाने के बाद फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की ओर से कुछ मांगें उठाई गई थीं। उनके अनुसार सरकार की ओर से उस समय कई मांगों पर सहमति और आश्वासन दिया गया था, जबकि कुछ लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों ने दोबारा हड़ताल शुरू की।
दमकल अधिकारी ने कहा कि आवश्यक सेवाओं और विभागीय सेवा नियमों को देखते हुए ड्यूटी छोड़कर हड़ताल में शामिल होने वाले कर्मचारियों पर मुख्यालय स्तर से कार्रवाई की गई है। विभाग ने इसे सेवा नियमों के उल्लंघन से जुड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई बताया है।
भिवानी में फिलहाल करीब 14 कर्मचारी हड़ताल में शामिल बताए जा रहे हैं। विभाग की ओर से स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। वहीं तीन रेगुलर लीडिंग फायरमैन के निलंबन के बाद जिले में अग्निशमन सेवाओं को सुचारु रखने के लिए उपलब्ध कर्मचारियों के माध्यम से व्यवस्था संभाली जा रही है।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की ओर से अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। दूसरी ओर विभाग ने आवश्यक सेवाओं और सेवा नियमों का हवाला देते हुए कार्रवाई की है। ऐसे में कर्मचारियों की मांगों और विभागीय कार्रवाई को लेकर गतिरोध बना हुआ है।
Editor: शिवानी राजपूत



