Bhiwani News | केमिस्टों को नशे के खिलाफ किया जागरूक : ड्रग एक्ट के नियमों की दी जानकारी | मेडिकल स्टोर पर रिकॉर्ड रखने के निर्देश

केमिस्ट एसोसिएशन की ओर से रविवार को विशेष एजुकेशन सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में रिटेल और होलसेल केमिस्ट शामिल हुए। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य केमिस्टों को नशे के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, ड्रग एक्ट के प्रावधानों और दवाइयों की बिक्री से जुड़े नियमों की जानकारी देना रहा।
सेमिनार में हरियाणा स्टेट ड्रग डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। केमिस्टों को दवाइयों की बिक्री के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में प्रशासन का सहयोग करने के लिए कहा गया।

हरियाणा स्टेट ड्रग डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान एवं हरियाणा स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार मनीष मित्तल ने कहा कि प्रदेशभर में केमिस्टों को जागरूक करने के लिए एजुकेशन सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। नशा मुक्त हरियाणा अभियान में केमिस्टों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी होना जरूरी है।
भिवानी के ड्रग कंट्रोल ऑफिसर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सेमिनार में रिटेल और होलसेल केमिस्टों को लाइसेंस की शर्तों और नशे से संबंधित दवाइयों की बिक्री के नियमों की जानकारी दी गई। मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्धारित नियमों के अनुसार रिकॉर्ड और आवश्यक रजिस्टर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने मेडिकल स्टोर पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग का बैकअप सुरक्षित रखने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। जरूरत पड़ने पर पुलिस और संबंधित विभाग की जांच में आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर सुरेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकारी गाइडलाइंस का पालन नहीं करने वाले मेडिकल स्टोर की समय-समय पर जांच की जाएगी। ड्रग एक्ट के तहत किसी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित लाइसेंसिंग अथॉरिटी को नियमानुसार कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
हरियाणा स्टेट ड्रग डीलर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी करतार सिंह मक्कर ने कहा कि एसोसिएशन सरकार के नशा विरोधी अभियान में पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने दावा किया कि नियमों का पालन करने वाले केमिस्ट प्रतिबंधित नशीली वस्तुओं की अवैध बिक्री में शामिल नहीं होते। उन्होंने केमिस्टों से नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों से दूरी बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि का हिस्सा नहीं बनने की अपील की।
सेमिनार में केमिस्टों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने और दवाइयों की बिक्री से जुड़े सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से केमिस्टों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत किया जा सकता है।



