Faridabad News | ATM उखाड़ने वाले गिरोह का मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार : आरोपी पर 5 हजार का था इनाम | पहले से 38 मामले दर्ज

थाना छांयसा क्षेत्र में चोरी की फॉर्च्यूनर गाड़ी का इस्तेमाल कर SBI का ATM उखाड़कर ले जाने के मामले में AVTS सिकरोना की टीम ने मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव धौज निवासी 42 वर्षीय हनीश उर्फ होशी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ पहले से कुल 38 मामले दर्ज हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 13-14 अगस्त की रात थाना छांयसा क्षेत्र में SBI की ATM मशीन चोरी कर ली गई थी। पुलिस के मुताबिक मशीन में आठ लाख रुपये से अधिक की नकदी थी। घटना के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान AVTS सिकरोना की टीम ने हनीश उर्फ होशी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे ATM चोरी की वारदात का मुख्य साजिशकर्ता बताया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में वारदात को अंजाम देने के तरीके और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ATM मशीन को बेल्ट की सहायता से फॉर्च्यूनर गाड़ी से बांधा था। इसके बाद मशीन को खींचकर उखाड़ा गया और गाड़ी में रखकर वहां से ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ATM को धौज गांव के पहाड़ी क्षेत्र में ले गए, जहां मशीन को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक यह गाड़ी फरीदाबाद के सेक्टर-16 से चोरी की गई थी। पुलिस इस गाड़ी को पहले ही बरामद कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि ATM चोरी की इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को इससे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। अब मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे हनीश उर्फ होशी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे वारदात और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हनीश उर्फ होशी के खिलाफ पहले से कुल 38 मामले दर्ज हैं। इनमें ATM उखाड़ने से जुड़े करीब 8 से 10 मामले भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों और मौजूदा वारदात से जुड़ी अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस रिमांड के दौरान चोरी की रकम, वारदात में उसकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
Editor: शिवानी राजपूत



