Faridabad News | चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद : दो वाहन चोर गिरफ्तार | क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की कार्रवाई

फरीदाबाद। शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चल रही कार्रवाई के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना खेड़ीपुल क्षेत्र में 9 अगस्त को मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने सलमुद्दीन उर्फ चीमा निवासी गांव सोफता, पलवल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
दूसरा मामला थाना आदर्श नगर क्षेत्र में हुई स्कूटी चोरी से जुड़ा है। इस मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने विकास निवासी सुभाष कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इसके बाद दोनों आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस के अनुसार शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए अपराध शाखाओं की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। दर्ज मामलों की जांच के आधार पर वाहन चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Editor: नितिन यादव



