Faridabad News | दुकान से 209 ग्राम सोना और 3 लाख रुपये चोरी : कर्मचारी गिरफ्तार | आभूषण और 9,200 रुपये भी बरामद

फरीदाबाद। थाना एनआईटी क्षेत्र में ज्वैलरी पर हॉलमार्क और एचयूआईडी का काम करने वाली दुकान से 209 ग्राम सोना और 3 लाख रुपये नकद चोरी करने के मामले में पुलिस ने दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली की टीम ने आरोपी संतोष निवासी जिला सांगली, महाराष्ट्र को पुणे से 9 सितंबर को गिरफ्तार किया। आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एनआईटी निवासी दादासो यमगर मार्किट नंबर-1 में एचयूआईडी सेंटर चलाते हैं। संतोष पिछले करीब सात महीने से उनकी दुकान पर काम कर रहा था और दुकान में ही रहता था। दुकान और तिजोरी की चाबी भी उसके पास रहती थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार 4 सितंबर की रात वह दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। अगले दिन संतोष का मोबाइल फोन बंद मिला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद पाए गए। इसके बाद जब दुकान पर पहुंचकर जांच की गई तो तिजोरी खुली मिली। तिजोरी से 209 ग्राम सोना और 3 लाख रुपये नकद गायब थे।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी संतोष की तलाश शुरू की और उसके संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच में पुलिस के सामने आया कि संतोष शिकायतकर्ता के गांव का ही रहने वाला है और करीब सात महीने से दुकान पर काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार 4 सितंबर की रात वह सोना और नकदी लेकर पुणे चला गया था और वहां अपने एक जानकार के पास रुका था।
पुलिस के अनुसार चोरी की गई नकदी में से आरोपी ने कुछ आभूषण भी खरीदे थे। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया 209 ग्राम सोना, चोरी की रकम से खरीदे गए आभूषण और 9,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बरामद सामान को मामले की जांच में शामिल कर लिया है। आरोपी से पूछताछ और बरामदगी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Editor: नितिन यादव



