Faridabad News | जानलेवा हमले के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार : चाकू-लाठी से हमला करने का आरोप | पहले तीन आरोपी पकड़े जा चुके

फरीदाबाद। थाना ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर चाकू और लाठी-डंडों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना ओल्ड फरीदाबाद की टीम ने दीपक निवासी प्रेम नगर, सेक्टर-18, हाल जीवन नगर, फरीदाबाद और विशाल उर्फ कलूरी निवासी बसेलवा कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गढ़ी मोहल्ला, ओल्ड फरीदाबाद निवासी रवि सैनी ने शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 15 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे उसके चचेरे भाई जतिन सैनी के साथ शेखर, अन्नू और अन्य युवकों ने मारपीट की थी। इस संबंध में जतिन ने थाना ओल्ड फरीदाबाद में शिकायत दी थी।
पुलिस के अनुसार शिकायत देने के बाद जब रवि, जतिन और मोहित वापस घर लौट रहे थे, तभी सरकारी स्कूल के पास करीब 8-9 युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने जतिन और मोहित के साथ दोबारा मारपीट की और लाठी-डंडों तथा चाकू से हमला किया। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
शिकायत के आधार पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि शेखर और उसके साथी पीड़ित की दुकान के पास किसी अन्य युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान जतिन वहां पहुंचा और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर जतिन की शेखर और उसके साथियों के साथ कहासुनी हो गई थी।
पुलिस के अनुसार इसी विवाद के बाद शेखर, दीपक, विशाल और अन्य आरोपियों ने जतिन तथा उसके भाई के साथ दोबारा मारपीट की। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान शेखर ने चाकू से हमला किया था। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी शेखर समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब दीपक और विशाल की गिरफ्तारी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



