Faridabad News | सफाई कर्मचारियों के समर्थन में उतरे नीरज शर्मा : सरकार पर साधा निशाना | मांगें पूरी करने की उठाई आवाज

फरीदाबाद। एनआईटी-86 फरीदाबाद से पूर्व विधायक नीरज शर्मा नगर निगम मुख्यालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों के बीच बैठकर उनकी मांगें सुनीं और प्रदेश की भाजपा सरकार पर कर्मचारी विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से बातचीत में नीरज शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की सफाई व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रही है।
पूर्व विधायक ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि तत्कालीन मंत्री स्व. पंडित शिव चरण लाल शर्मा ने करीब 1800 सफाई कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति पत्र दिए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को भी कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत कर समाधान निकालना चाहिए।
नीरज शर्मा ने वर्ष 2014 की कर्मचारी नीति का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उस समय बनाई गई तीन वर्ष सेवा संबंधी नीति के तहत कर्मचारियों को नियमित करने का रास्ता उपलब्ध है। उन्होंने इस नीति को लेकर अदालतों के फैसलों का हवाला देते हुए सरकार से कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग पर निर्णय लेने को कहा।
धरने के दौरान नीरज शर्मा ने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को लेकर एक विवादित सुझाव भी दिया। उन्होंने कर्मचारियों से सत्ता पक्ष के नेताओं के आवासों के बाहर कूड़ा डालकर विरोध जताने की बात कही। इसके बाद उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर कर्मचारी विपक्षी नेताओं के घरों के बाहर भी इसी तरह विरोध कर सकते हैं।
नीरज शर्मा ने कहा कि वह सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और मांगों की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों पर जल्द फैसला लेने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जारी रखा। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Editor: नितिन यादव



