Faridabad News | दोस्त पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार : मामूली विवाद के बाद हमला

संत नगर में दोस्त पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस चौकी सेक्टर-16 की टीम ने 19 वर्षीय आरोपी पीयूष निवासी संत नगर को गिरफ्तार किया है। मामला 29 अगस्त का है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार संत नगर ओल्ड फरीदाबाद निवासी अरमान ने पुलिस चौकी सेक्टर-16 में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उसके बेटे रिहान की बंगाली मोहल्ले में नाई की दुकान है। 29 अगस्त को दुकान पर मौजूद पीयूष ने कथित तौर पर रिहान पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-17 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रिहान और पीयूष दोनों दोस्त हैं और घटना के समय दोनों नाई की दुकान पर ही मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद के बाद पीयूष ने दुकान में मौजूद धारदार वस्तु से रिहान पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस चौकी सेक्टर-16 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पीयूष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।



