Yamunanagar News | सफाई-अग्निशमन कर्मचारियों का प्रदर्शन : सरकार का पुतला फूंका | हड़ताल जारी रखने का ऐलान

सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सोमवार को यमुनानगर में कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हरियाणा सरकार का पुतला फूंका। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
कर्मचारी नेता गुलशन भारद्वाज ने बताया कि सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की ओर से प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यमुनानगर नगर निगम कार्यालय के सामने भी कर्मचारी एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

गुलशन भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रविवार शाम सरकार की ओर से कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया गया था। उनका आरोप है कि बैठक के दौरान यूनियन नेताओं पर समझौता करने का दबाव बनाया गया और इसका विरोध करने पर कर्मचारी नेताओं पर आरोप लगाए गए तथा उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद कर्मचारी नेता बैठक से बाहर आ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गुलशन भारद्वाज ने कहा कि कर्मचारी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं और इसी के विरोध में सोमवार को प्रदेशभर में सरकार के पुतले जलाकर प्रदर्शन किया गया।

कर्मचारी नेताओं की प्रमुख मांग सफाई और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को नियमित करने की है। उनका कहना है कि जब तक कर्मचारियों को पक्का करने सहित उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस फैसला नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारी नेताओं ने दावा किया कि आंदोलन अभी और तेज किया जाएगा। आने वाले दिनों में राज्य कमेटी के फैसले के अनुसार विरोध कार्यक्रमों का दायरा बढ़ाया जा सकता है। कर्मचारियों ने किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। कर्मचारी नेताओं ने सरकार से मांग की कि टकराव की स्थिति पैदा करने के बजाय यूनियन के साथ बातचीत कर लंबित मांगों का समाधान किया जाए।



