Faridabad News | सफाई कर्मचारियों से हड़ताल खत्म करने की अपील : सरकार ने समाधान का दिया भरोसा | विपुल गोयल बोले- काम पर लौटें कर्मचारी
फरीदाबाद। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सफाई कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को सुनने के साथ उनकी समस्याओं के व्यावहारिक और स्थायी समाधान की दिशा में भी निर्णय ले रही है।
विपुल गोयल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के हित में लिए जा रहे फैसले सरकार की कर्मचारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत और उचित प्रक्रिया के माध्यम से किया जाए।

उन्होंने हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों से अपने कार्य पर लौटने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की स्वच्छता व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। सफाई व्यवस्था सीधे आम नागरिकों के स्वास्थ्य, सुविधा और जीवन की गुणवत्ता से जुड़ी हुई है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का कार्य केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि जनसेवा से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कर्मचारियों से अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वच्छता व्यवस्था को दोबारा सुचारू करने में सहयोग करने की अपील की।
विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को प्राथमिकता देने का प्रयास कर रही है। सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मान मिले, उनके अधिकार सुरक्षित रहें और उनके परिवार का भविष्य बेहतर हो, इसके लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।
Editor: न्यूज़ डेस्क



