Nuh News | सड़क किनारे खुलेआम शराब पीने पर सवाल : सामने पुलिस चौकी फिर भी बेखौफ | थाना प्रभारी ने कहा होगी कार्रवाई

नूंह। शहर के दिल्ली-अलवर रोड पर शाम के समय सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराब पीने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शाम करीब पांच बजे के बाद शराब ठेके के सामने सीवर नाले के आसपास लोगों के समूह जमा होने लगते हैं और सड़क किनारे ही शराब का सेवन किया जाता है। व्यस्त मार्ग होने के कारण इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर लोग बैठकर शराब पीते हैं, वहां से पुलिस की राइडर और पीसीआर का भी आवागमन रहता है। शराब ठेके के सामने बस स्टैंड क्षेत्र में पुलिस चौकी भी है। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने की शिकायत स्थानीय लोगों ने की है।

दिल्ली-अलवर रोड शहर के व्यस्त मार्गों में शामिल है। यहां दिनभर वाहनों के साथ बड़ी संख्या में राहगीरों का आवागमन रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय सड़क किनारे लोगों के शराब पीने से राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी होती है।

लोगों का यह भी कहना है कि शराब के सेवन के बाद कई बार आपसी कहासुनी की स्थिति बन जाती है। ऐसे में विवाद बढ़ने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस स्थान पर शाम के समय निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल पुलिस गश्त से समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वालों के खिलाफ मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि सड़क पर व्यवस्था बनी रहे और आम लोगों को परेशानी न हो।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब संबंधित स्थान के पास पुलिस चौकी मौजूद है और पुलिस वाहन भी यहां से गुजरते हैं, तो खुले में शराब पीने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। उन्होंने इस क्षेत्र में नियमित जांच और विशेष निगरानी की मांग की है।
मामले को लेकर नूंह शहर थाना प्रभारी कुलदीप ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इस पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। अब स्थानीय लोगों को पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।
Editor: न्यूज़ डेस्क



