Nuh News | मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन पर 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान : गौरव गौतम | 17 अक्टूबर तक होंगे सेवा और सामाजिक कार्यक्रम

हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम सोमवार को नूंह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित किए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश और देशभर में विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गौरव गौतम ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर सार्वजनिक जीवन की अपनी नई यात्रा शुरू की थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बिना रुके और बिना थके ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ देश और समाज की सेवा करना अपने आप में उदाहरण है। उन्होंने इसे युवाओं और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।

खेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी से 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम के तहत देश में हुए महत्वपूर्ण विकास कार्यों को याद करते हुए लोग दीप जलाएंगे। इसी दिन रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवाओं की भागीदारी पर जोर रहेगा।
उन्होंने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों में ‘सेवा चित्र’ पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के संघर्ष और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। महिलाओं और मातृशक्ति की भागीदारी के लिए ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

गौरव गौतम के अनुसार अभियान के दौरान देश के विकास और परिवर्तन से जुड़ी 25 प्रेरणादायक कहानियों को रील्स के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा। इसके अलावा वृंदावन से वाराणसी तक सेवा यात्रा और विभिन्न नदियों के जल से वाराणसी में जलाभिषेक का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के दौरान युवा विकसित भारत-2047 का संकल्प लेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना और भारत को विकसित एवं मजबूत राष्ट्र बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाना है। ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को भी सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



