Faridabad News | 1.98 लाख रुपये की साइबर ठगी में दो आरोपी गिरफ्तार : खाता उपलब्ध कराने का आरोप | ठगी के खाते में पहुंचे थे 99 हजार रुपये

फरीदाबाद में साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने 1 लाख 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष सिंह और विक्की, दोनों निवासी कमल विहार, बुराड़ी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों पर साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बड़खल निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि उसके फोन से अचानक तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 1 लाख 98 हजार रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि मनीष सिंह और विक्की आपस में दोस्त हैं तथा दोनों बुराड़ी, दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों ने खाताधारक मनीष का बैंक खाता लेकर उसे साइबर ठगों तक पहुंचाया था। इस खाते में ठगी की रकम में से 99 हजार रुपये प्राप्त हुए थे।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैंक खाता किस माध्यम से ठगों तक पहुंचाया गया और साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क में इनके साथ और कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी मनीष सिंह को अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। वहीं आरोपी विक्की को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
Editor: गरिमा बागोतिया



