पलवल में जाम से राहत के लिए विशेष अभियान : ऑटो चालकों के लिए अलग स्थान निर्धारित | प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार

पलवल। पलवल जिला ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों पर ऑटो चालकों और रेहड़ी-पटरी संचालकों के लिए अलग स्थान निर्धारित किए जा रहे हैं, ताकि मुख्य सड़क पर यातायात सुचारु रूप से चलता रहे।

ट्रैफिक थाना प्रभारी रविकांत ने बस अड्डा चौक, आगरा चौक और अलावलपुर चौक का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सड़क पर ऑटो खड़े होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके बाद आगरा चौक की सर्विस लेन में ऑटो चालकों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया गया, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित न हो।

बस अड्डा चौक पर भी ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ऑटो चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य व्यस्त चौराहों पर भी इसी प्रकार की व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे जाम की समस्या कम होगी और आम नागरिकों को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा रोडवेज बसों के बस डिपो में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। बस अड्डे के बाहर अवैध रूप से वाहन खड़े नहीं होने दिए जाएंगे। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
Editor: Super Admin



