Rewari News | शिक्षा विभाग को मिला नया शिक्षा सदन : ₹50 लाख में तैयार हुआ भवन | जर्जर स्कूलों का होगा कायाकल्प
शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन को अब पुराने जर्जर भवन से राहत मिलेगी। सेक्टर-4 में करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए नए शिक्षा सदन का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने हवन-यज्ञ और रिबन काटकर किया। नए भवन में शिक्षा विभाग से जुड़े प्रशासनिक कार्य एक ही छत के नीचे किए जा सकेंगे।
शिक्षा विभाग का पुराना भवन काफी समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को कामकाज में परेशानी हो रही थी। इसी को देखते हुए सेक्टर-4 में खाली पड़ी एक पुरानी बिल्डिंग का करीब 50 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराया गया और इसे शिक्षा सदन के रूप में तैयार किया गया है।

विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि नए भवन के शुरू होने से शिक्षा विभाग के प्रशासनिक कार्यों को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी। लोगों को भी विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने रेवाड़ी में कृषि सदन और सैनिक सदन के निर्माण की योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन दोनों भवनों का निर्माण भी जल्द कराया जाएगा, जिससे संबंधित वर्गों को सुविधाएं मिल सकेंगी।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-4 की जर्जर इमारत के सवाल पर विधायक ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने मौके पर मौजूद शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूल को दूसरी जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए।

लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि जिले के जर्जर सरकारी स्कूल भवनों की स्थिति सुधारने के लिए बजट मंजूर हो चुका है और आने वाले समय में इनका कायाकल्प कराया जाएगा।
Editor: शिवानी राजपूत



