रेवाड़ी | राष्ट्रीय पैरा खिलाड़ियों का सम्मान : आरती सिंह राव ने बांटे नकद पुरस्कार | हरियाणा के खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
आरती सिंह राव ने पैरा पावरलिफ्टिंग के राष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मानित किया। खिलाड़ियों की मेहनत और संघर्ष की सराहना की गई।

रेवाड़ी | पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अपने निवास रामपुरा हाउस पर आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि 23वीं राष्ट्रीय, 18वीं जूनियर एवं द्वितीय सब-जूनियर राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 15 से 18 जनवरी 2026 तक रुड़की (उत्तराखंड) में हुआ था। इस प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण, 2 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
समारोह में स्वर्ण पदक विजेताओं को 25,000, रजत पदक विजेताओं को 15,000 तथा कांस्य पदक विजेता को 10,000 रुपए की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित खिलाड़ियों में सुधीर, अशोक, अजय, गीतिका, दीपक, मनीष, प्रदीप जून, सोमन, देवी, खुशबू एवं पायल शामिल रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष आरती सिंह राव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर कठिन परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में उसके परिवार एवं प्रशिक्षकों का अमूल्य योगदान होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के चेयरमैन अभिजीत सिंह, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के संस्थापक गिरिराज सिंह, महासचिव ज्योति कुमार छाबड़ा, कोषाध्यक्ष पवन अधाना, कोच धर्मेंद्र एवं सतबीर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जूडो के अर्जुन अवार्ड प्राप्त यशपाल सोलंकी तथा डीएसओ, गुरुग्राम आरती सोलंकी भी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के अंत में सभी खिलाड़ियों ने अध्यक्ष आरती सिंह राव का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें इस सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए धन्यवाद दिया।

