सतनाली | खारे पानी से परेशान सतनाली के ग्रामीण : मुख्यमंत्री से नहरी पानी की स्थायी व्यवस्था की मांग | भूजल स्तर गिरने पर जताई चिंता
सतनाली क्षेत्र के ग्रामीणों ने खारे पानी और गिरते भूजल स्तर की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।

सतनाली | महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही खारे पेयजल और गिरते भूजल स्तर की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र के लोगों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन भेजकर सतनाली तक नहरी पानी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध न होने से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि खेती और पशुपालन पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीण प्रतिनिधि सवाई सिंह राठौड़ ने बताया कि दक्षिण हरियाणा के इस क्षेत्र में अधिकांश स्थानों पर भूमिगत जल या तो अत्यधिक खारा हो चुका है या फिर भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। ऐसे में लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जब नांगल चौधरी क्षेत्र के माध्यम से महेंद्रगढ़ जिले में नहरी पानी पहुंचा था, तब भूजल स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला था। इसी को देखते हुए सरकार से सतनाली क्षेत्र तक भी नहरी पानी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में जल संकट और अधिक गंभीर हो सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
सवाई सिंह राठौड़ ने बताया कि इस संबंध में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव को भी पहले अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने सरकार से आग्रह किया है कि सतनाली क्षेत्र के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नहरी पानी की योजना को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि हजारों परिवारों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके और लगातार गिरते भूजल स्तर में सुधार लाया जा सके। इस मौके पर समाजसेवी सवाई सिंह राठौड़, एडवोकेट दलीप सिंह शेखावत, मुन्शी सिंह शेखावत, संतू सिंह शेखावत, आजाद पूनिया एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।



