रेवाड़ी | आरती सिंह राव ने पैरा खिलाड़ियों का किया सम्मान : राष्ट्रीय पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए | हरियाणा का बढ़ाया मान
आरती सिंह राव ने पैरा पावरलिफ्टिंग के राष्ट्रीय विजेताओं को सम्मानित किया और नकद पुरस्कार वितरित किए।

रेवाड़ी। पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रामपुरा हाउस स्थित अपने निवास पर आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह में खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। 
23वीं राष्ट्रीय, 18वीं जूनियर एवं द्वितीय सब-जूनियर राष्ट्रीय पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 15 से 18 जनवरी 2026 तक रुड़की (उत्तराखंड) में हुआ था। प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
सम्मान समारोह में स्वर्ण पदक विजेताओं को रुपए 25,000, रजत पदक विजेताओं को रुपए 15,000 तथा कांस्य पदक विजेता को रुपए 10,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। सम्मानित खिलाड़ियों में सुधीर, अशोक, अजय, गीतिका, दीपक, मनीष, प्रदीप जून, सोमन, देवी, खुशबू और पायल शामिल रहे। 
आरती सिंह राव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सफलता प्राप्त करने के लिए कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर संघर्ष आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों में उनके परिवार और प्रशिक्षकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
समारोह में पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के चेयरमैन अभिजीत सिंह, पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के संस्थापक गिरिराज सिंह, महासचिव ज्योति कुमार छाबड़ा, कोषाध्यक्ष पवन अधाना, कोच धर्मेंद्र एवं सतबीर उपस्थित रहे। इस अवसर पर जूडो के अर्जुन अवॉर्डी यशपाल सोलंकी तथा डीएसओ गुरुग्राम आरती सोलंकी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के अंत में खिलाड़ियों ने आरती सिंह राव का आभार व्यक्त किया।

