Ambala News | नाली विवाद में मारपीट के आरोप : पिता को चोट लगने का दावा | CCTV जांच की मांग

नाली को लेकर चल रहा विवाद अब मारपीट और धमकी के आरोपों तक पहुंच गया है। विज़ार सिंह ने मनमोहन सिंह, उसके बेटे शानू और दामाद पर अपने पिता के साथ हाथापाई करने और परिवार को धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
विज़ार सिंह के अनुसार विवाद के दौरान नाली को जबरन खुलवाने का प्रयास किया जा रहा था। इसका विरोध करने पर उनके और उनके पिता के साथ हाथापाई की गई। उनका दावा है कि घटना में उनके पिता को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। विज़ार सिंह के मुताबिक अस्पताल में उनके पिता की MRI और CT स्कैन भी कराई गई।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि करीब छह महीने पहले भी इसी विवाद को लेकर उनके पिता के साथ मारपीट हुई थी और उस समय भी पुलिस को शिकायत दी गई थी। परिवार ने पुराने मामले की भी जांच करने की मांग की है।
विज़ार सिंह का दावा है कि हाल की घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है और कॉलोनी के कई लोग इसके प्रत्यक्षदर्शी हैं। उन्होंने पुलिस से CCTV फुटेज की जांच कर पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने लाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

फिलहाल ये आरोप पीड़ित पक्ष की ओर से लगाए गए हैं। दूसरे पक्ष और पुलिस की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
Editor: शिवानी राजपूत



