Fatehabad News | 5-डे बैंकिंग की मांग पर हड़ताल : SBI परिसर में कर्मचारियों का धरना | आंदोलन तेज करने की चेतावनी

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के देशव्यापी आह्वान पर जिले के बैंक कर्मचारी 5-डे बैंकिंग लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी PLI में समानता की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने भारतीय स्टेट बैंक परिसर में एकत्रित होकर धरना दिया और केंद्र सरकार व वित्त मंत्रालय के खिलाफ प्रदर्शन किया।
हड़ताल के कारण जिले के सार्वजनिक क्षेत्र और ग्रामीण बैंकों में कामकाज प्रभावित रहा। बैंकिंग से जुड़े काम कराने पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

UFBU प्रतिनिधि नरेंद्र लांबा ने कहा कि 12वें द्विपक्षीय समझौते के तहत 5-डे बैंकिंग को लेकर सरकार और प्रबंधन के स्तर पर सहमति बन चुकी है, लेकिन इसे अभी तक लागू नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि RBI, NABARD, LIC और GIC जैसे वित्तीय संस्थानों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू है, इसलिए बैंक कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलना चाहिए।
सेवानिवृत्त PNB सीनियर मैनेजर भगवंत सिंह ने कहा कि पहले हुए समझौते के तहत महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश दिया जा रहा है। अब बैंक कर्मचारी बाकी शनिवारों को भी शामिल करते हुए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और कथित भेदभाव के विरोध में किया जा रहा है।
बैंक प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर निर्णय नहीं होने की स्थिति में 28 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी समाधान नहीं निकला तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है।
Editor: शिवानी राजपूत



