Ambala News | सफाई कर्मचारियों का फूटा गुस्सा : कूड़े की गाड़ियां रोकने और तोड़फोड़ का आरोप | सड़कों पर बिखेरा कचरा

शहर में लंबे समय से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच रविवार को स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मांगों को लेकर नाराज सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को रोक दिया। नगर निगम का आरोप है कि इस दौरान कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और उनमें भरा कचरा सड़कों पर बिखेर दिया गया। इसके कारण शहर के कई हिस्सों में गंदगी फैल गई।
सफाई कर्मचारियों ने इस दौरान हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के साथ बातचीत के बावजूद उनकी सभी मांगों का समाधान नहीं हुआ है। इसी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी बनी हुई है।

सफाई कर्मचारी संगठन के प्रधान ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि आंदोलन के कारण शहरवासियों को हुई परेशानी के लिए उन्हें अफसोस है। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारियों की 17 मांगें सरकार स्वीकार कर चुकी है, लेकिन बाकी मांगों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
उन्होंने ठेकेदारी प्रथा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार की घोषणा के बावजूद कई सफाई कर्मचारी अभी भी आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कर्मचारियों को निर्धारित सुविधाएं और भत्ते नहीं मिल रहे हैं तथा उनका शोषण हो रहा है।

प्रधान ने आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत कर्मचारियों से भी हड़ताल को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन सभी सफाई कर्मचारियों के अधिकारों के लिए किया जा रहा है। साथ ही शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कोरोना काल और बाढ़ के दौरान सफाई कर्मचारियों द्वारा किए गए कार्यों का भी जिक्र किया।
दूसरी ओर नगर निगम कमिश्नर वीरेंद्र सिंह शेरावत ने बताया कि निगम के पास करीब 350 सफाई कर्मचारी हैं, जिनमें से फिलहाल करीब 100 कर्मचारी काम कर रहे हैं। इसके अलावा करीब 800 कर्मचारी आउटसोर्सिंग के माध्यम से काम कर रहे हैं।
कमिश्नर ने कहा कि शनिवार तक सफाई व्यवस्था सामान्य तरीके से चल रही थी, लेकिन रविवार को कुछ कूड़ा गाड़ियों को रोकने, उनमें तोड़फोड़ करने और कचरा सड़क पर फैलाने की जानकारी मिली है। निगम के पास पूरे घटनाक्रम की जानकारी पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि मामले में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर में किसी को भी जानबूझकर गंदगी फैलाने या सफाई व्यवस्था बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।



