Yamunanagar News | गन्ने का रेट 600 रुपये करने की मांग : सोनीपत महापंचायत में जाएंगे सैकड़ों किसान | 15 सितंबर से पहले धान खरीद की मांग

भारतीय किसान यूनियन की जिला स्तरीय बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस यमुनानगर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष दीप राणा ने की, जबकि प्रदेश महासचिव अरविंद कंबोज भी मौजूद रहे। बैठक में 2 सितंबर को सोनीपत में प्रस्तावित किसान महापंचायत को लेकर चर्चा की गई।
भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि गन्ने के रेट सहित किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सोनीपत में किसान महापंचायत होगी। इसमें भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत और प्रदेश अध्यक्ष रतनमान के शामिल होने की बात कही गई है। उन्होंने दावा किया कि यमुनानगर जिले से भी सैकड़ों किसान महापंचायत में पहुंचेंगे।

सुभाष गुर्जर ने गन्ने का भाव कम से कम 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चीनी की मौजूदा कीमतों को देखते हुए किसानों को गन्ने का उचित भाव मिलना चाहिए। इस मुद्दे को सोनीपत की किसान महापंचायत में प्रमुखता से उठाया जाएगा।
किसान नेताओं ने धान की सरकारी खरीद भी 15 सितंबर से पहले शुरू करने की मांग की। उनका कहना है कि फसल तैयार होने के समय खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। महापंचायत में धान खरीद सहित किसानों के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
सुभाष गुर्जर ने चेतावनी दी कि यदि इस बार गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं किया गया तो किसान प्रदेश की शुगर मिलों को लेकर आंदोलन तेज कर सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि मांग पूरी नहीं होने पर शुगर मिलें नहीं चलने देने जैसा फैसला भी लिया जा सकता है। अंतिम निर्णय सोनीपत में होने वाली महापंचायत में लिया जाएगा।

उन्होंने सरकार की किसान नीतियों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। किसान नेताओं ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।
बैठक में यादविंदर कंबोज, महेंद्र चमरोड़ी, हरपाल सूढल, नरेश मोहड़ी, सुभाष शर्मा, राहुल संधाय, रविंद्रपाल, मानसिंह मजाफत, दिलबाग ताहरपुर, जसबीर अजीजपुर, सुखदेव सिंह, सुभाष हरतोल, गुरनाम अजीजपुर, सुखदेव सलेमपुर, अशोक डांगी, राजीव तेजली, बीरसिंह, राजबीर अहड़वाला, निरंजन सुडैल, जसबीर मारवा, जगंशेर, नायब सलेमपुर, अमृतपाल, अमरजीत सलेमपुर, लाली नंबरदार, सिमरत गिल, दीपक कधेंला, विक्की, कर्म सिंह नंबरदार, ध्यान सिंह और संत कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



