Kurukshetra News | ट्यूबवेल चलाने गए युवक की करंट से मौत : LNJP अस्पताल में था वार्ड अटेंडेंट | खेत में मिला शव

गांव बारना में सोमवार देर रात खेत में ट्यूबवेल चलाने गए 27 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बारना निवासी अंकित के रूप में हुई है। अंकित कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) सिविल अस्पताल में वार्ड अटेंडेंट के पद पर कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार अंकित सोमवार शाम अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर पहुंचा था। इसके बाद वह खेत में पानी लगाने के लिए ट्यूबवेल चलाने चला गया। इसी दौरान ट्यूबवेल स्टार्ट करते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गया।

काफी समय बीतने के बाद भी अंकित घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के सदस्य उसकी तलाश करते हुए खेत में पहुंचे, जहां वह अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अंकित की अचानक मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस घटना से संबंधित परिस्थितियों की जांच कर रही है।



