फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ : लाखों की ठगी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार इंश्योरेंस के नाम पर ठगी
फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के तिलक नगर में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों में […]

फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना बल्लभगढ़ टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के तिलक नगर में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर 6 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लोगों को झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों में मो. असलम रजा, रोहित कुमार, सचिन मित्तल, मुकेश गुप्ता, राहुल और शुभम शामिल हैं।
मामले की शुरुआत तब हुई जब त्रिखा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे कॉल कर 93,525 रुपये का बोनस मिलने का झांसा दिया गया और डमी पॉलिसी के नाम पर 36 हजार रुपये जमा करवा लिए गए। इसके बाद अलग-अलग कॉल के जरिए उससे कुल 7,70,630 रुपये ठग लिए गए।
जांच के दौरान सामने आया कि तिलक नगर स्थित एक बिल्डिंग के दो फ्लोर किराए पर लेकर यह फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। मुख्य आरोपी असलम, रोहित और सचिन इस सेंटर का संचालन कर रहे थे, जबकि बाकी तीन आरोपी कॉलर के रूप में काम करते थे और लोगों को झांसा देकर पैसे ठगते थे।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी अन्य लोगों से बैंक खाते, सिम कार्ड और इंश्योरेंस पॉलिसी का डाटा जुटाकर इस ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीन आरोपितों को जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपियों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑफर से सतर्क रहें।



