Fatehabad News | सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां शुरू : रणबीर गंगवा ने दी जानकारी | 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से हरियाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। एक महीने तक चलने वाला यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत जनसेवा, सामाजिक सरोकार और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की जानकारी देने के लिए सोमवार को कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा फतेहाबाद पहुंचे। उन्होंने भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर अभियान के कार्यक्रमों और तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर की जाएगी।
रणबीर गंगवा ने बताया कि अभियान की शुरुआत प्रदेश में पिछले वर्षों के दौरान हुए विभिन्न विकास कार्यों पर ‘आशीर्वाद के दीप’ जलाकर की जाएगी। हाईवे, अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, कॉलेज, पीएचसी, सीएचसी, सरकारी भवन और सामुदायिक केंद्रों समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। भाजपा की ओर से इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हरियाणा की जनता के आशीर्वाद के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एक महीने तक चलने वाले अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, मेडिकल कैंप और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी किए जाएंगे।
अभियान के तहत सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों तथा प्लस टू स्तर के विद्यार्थियों के लिए ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकारी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के विजन और अपने सपनों के भारत की कल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
मंत्री ने बताया कि चित्रकारी प्रतियोगिता ब्लॉक स्तर से शुरू होकर जिला और प्रदेश स्तर तक आयोजित होगी। प्रदेश स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा और उन्हें पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

रणबीर गंगवा ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के लिए भाजपा संगठन की ओर से 12 प्रमुख बिंदु तय किए गए हैं। अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए सरकार की ओर से मंत्रियों और संगठन की ओर से पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके तहत प्रदेश से लेकर स्थानीय स्तर तक कार्यक्रमों को व्यवस्थित तरीके से आयोजित किया जाएगा।
अभियान के दौरान लगाए जाने वाले सेवा कैंपों में अलग-अलग विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इन कैंपों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
इन सेवा कैंपों में परिवार पहचान पत्र, आधार, बैंकिंग, ऋण, एमएसएमई और अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। इसका उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ना तथा उनकी समस्याओं के समाधान में मदद करना है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अभियान के जरिए जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए भाजपा संगठन और सरकार के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी जा रही हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान पंजाब में आगामी चुनाव को लेकर भी भाजपा नेताओं ने अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास कायम है और आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनने की उम्मीद है।
Editor: शिवानी राजपूत



