Kurukshetra News | जन्माष्टमी पर ज्योतिसर पहुंचे CM सैनी : गीता स्थली पर की पूजा | अनुभव केंद्र का लिया जायजा

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर पहुंचे। उन्होंने गीता उपदेश स्थली पर पूजा-अर्चना की और श्रीमद्भगवद्गीता की आरती कर प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीर खिंचवाई। जन्माष्टमी के अवसर पर ज्योतिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और मुख्यमंत्री ने प्रदेश एवं देशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने हरियाणा की पवित्र भूमि से पूरी मानव जाति को गीता, कर्म और ज्ञान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज भी समाज और मानवता को सही दिशा देने का काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र का भी दौरा किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और महाभारत से जुड़ी जानकारियों का जायजा लिया।

इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने विधानसभा सत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए और करीब 16 घंटे तक सदन की कार्यवाही चली। उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही में सहयोग के लिए सभी का आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और प्रत्येक वर्ग के हित में योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू करने की मांग से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इसके लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि धान की खरीद शुरू करने से संबंधित निर्णय केंद्र सरकार के स्तर पर होता है।
जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री के ज्योतिसर दौरे के दौरान गीता उपदेश स्थली और महाभारत अनुभव केंद्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां देखने को मिलीं।
Editor: शिवानी राजपूत



