Kurukshetra News | सामूहिक हमले के चार आरोपी गिरफ्तार : वारदात में इस्तेमाल कार बरामद | चार डंडे भी मिले
कुरुक्षेत्र। यूनिवर्सिटी के छात्र पर सामूहिक हमला करने के मामले में थाना केयूके पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही कार और चार डंडे भी बरामद किए हैं। आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद मामले में आगे की जांच की जा रही है।
केयूके थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिद्धू ने बताया कि शिकायतकर्ता सुनील निवासी हमीरगढ़ जिला जींद ने पुलिस को शिकायत दी थी। सुनील ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में दाखिला लिया हुआ है और वह वाल्मीकि हॉस्टल में कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा है।

शिकायत के अनुसार छात्र लाइब्रेरी से अपने निजी काम के लिए पुराने बस अड्डे कुरुक्षेत्र जाने के लिए थर्ड गेट से ऑटो में बैठा था। जब ऑटो सेकंड गेट के पास सरकारी स्कूल के सामने पहुंचा तो एक बिना नंबर की कार ने कथित तौर पर ऑटो के आगे आकर उसे रोक लिया।
आरोप है कि कार से पांच युवक उतरे और छात्र को ऑटो से उतारकर एक तरफ ले गए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

हमले में घायल छात्र को इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा, हिसार में भर्ती कराया गया। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर थाना केयूके में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान भोर सैंयदा जिला कुरुक्षेत्र निवासी खड़क सिंह उर्फ खड़का, स्योंसर जिला कुरुक्षेत्र निवासी कंवल सिंह, कुरलन जिला करनाल निवासी लक्ष्य उर्फ लक्खा और सोथा जिला हिसार निवासी गुरमेल उर्फ जुग्गा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से चार डंडे और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है। घटना में अन्य लोगों की भूमिका सहित मामले के विभिन्न पहलुओं को लेकर पुलिस की जांच जारी है।



